जिले के लोगों के लिए खुशखबर है। उच्च शिक्षा के लिए अब जिले के मेधावियों को लखनऊ और प्रयागराज नहीं जाना पड़ेगा। जिले में इंजीनियरिंग और मेडिकल कालेज का निर्माण शुरू होने के बाद अब विश्वविद्यालय की भी आस जगी है। रानीगंज के विधायक धीरज ओझा के प्रस्ताव पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर जिले में यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन से आख्या मांगी है। अपर प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा पत्र आने के बाद प्रशासन ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलेे में कुल 159 महाविद्यालय हैं। जिसमें 4 राजकीय, 7 अनुदानित व 148 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय हैं। जिसमें लाखों बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। हालांकि इसके बाद भी जिले के होनहारों को बारहवीं की पढ़ाई के बाद उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज, लखनऊ, बनारस, फैजाबाद विश्वविद्यालय जाना पड़ता है।
तमाम छात्र-छात्राएं आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। हालांकि जिले में इंजीनियरिंग और मेडिकल कालेज का निर्माण कराया जा रहा है। कुछ दिनों पहले रानीगंज के विधायक धीरज ओझा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर जिले में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव दिया था। सीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन से यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए रिपोर्ट मांगी है। अपर प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा ने डीएम को इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे विश्वविद्यालय की स्थापना की उम्मीद जगी है।
इस संबंध में जिलाधिकारी का पत्र मेरे पास आया है। मेरे द्वारा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रयागराज से पत्राचार किया गया है। जल्द ही आगे की प्रक्रिया की उम्मीद जताई जा रही है।
सर्वदानंद, डीआईओएस
राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं जिले के कालेज
जिले में संचालित स्नातक और स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहले फैजाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध थे। बाद में सभी विद्यालयों को रज्जूभैया राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज से संबद्ध कर दिया गया।
विश्वविद्यालय की स्थापना से शिक्षा के क्षेत्र में जिले का कद बढ़ेगा। जिले के होनहारों को महानगरों की डगर नहीं थामनी होगी। कागजी प्रक्रिया शुरू है। जल्द ही विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया शुरू होगी।
धीरज ओझा, विधायक, रानीगंज
एक नजर जिले के महाविद्यालयों पर
राजकीय महाविद्यालय-----4
अनुदानित महाविद्यालय----11
स्ववित्तपोषित महाविद्यालय- 147