केंद्रीय बजट 2047 तक भारत को विकसित करने वाला बजट है। एक ओर जीवन रक्षक दवाइयों को सस्ता किया गया। वहीं मोबाइल फोन, चार्जर पर टैक्स घटाकर 15 फीसदी कर दिया गया है।
यह बातें राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह ने ग्राम्य विकास सभागार अफीम की कोठी में कहीं। राज्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्थित 100 आईटीआई कॉलेज को अपग्रेड किया जाएगा। इंटर्नशिप योजना के तहत दो लाख युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। 10 नए राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की दो हजार नई सड़कों का निर्माण होगा।
कहा कि प्रदेश में रेलवे के विकास सके लिए 19,848 करोड़ रुपये दिए गए हैं। झांसी से दतिया तक 23 किमी की लाइन पर तीन ट्रैक बनाए जाएंगे। पूर्वांचल से औड़िहार से सादात तक 19.2 किमी लाइन का दोहरीकरण किया जाएगा। 22 किमी रुदौली से सुहावल रेलवे लाइन को डबल किया जाएगा। राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट में 12 नए औद्योगिक पार्क बनाने की बात कही गई है।
प्रदेश में दो से तीन नए औद्योगिक पार्क बनने की उम्मीद है। प्रदेश में कुल 20 लाख शहरी प्रधानमंत्री आवास और 25 लाख ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास मिलेंगे। मुफ्त राशन योजना का लाभ अगले पांच साल तक मिलता रहेगा। कर स्लैब पुनर्गठन के बाद प्रदेश के 11 लाख कर्मचारियों को लाभ होगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, हरिओम मिश्र, राघवेंद्र शुक्ला, राजेश सिंह मौजूद रहे।