शहर के कटरा रोड आईटीआई के पास बेकाबू ट्रक ने ओवरटेक कर रहे बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। ट्रक में फंसी बाइक समेत दोनों युवक करीब 25 मीटर तक घिसटते रहे। पुलिस एक घंटे की मशक्कत के बाद मृतकों की पहचान कर सकी। ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन हंगामा भी करते रहे।
नगर कोतवाली के कांशीराम कॉलोनी मुर्गीफार्म निवासी (19) पृथ्वी और (18) अशोक बुधवार रात करीब 11 बजे रूपापुर निवासी रंजीत शर्मा से बाइक मांगकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किसी मरीज को देखने जा रहे थे। आईटीआई के करीब ओवरटेक करते समय ट्रक की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े। उनके ऊपर से ट्रक का पहिया गुजर गया। करीब 25 मीटर तक ट्रक में फंसी बाइक व दोनों युवकों का शव घिसटता रहा। हादसे में दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।
राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शिनाख्त न होने पर शवों को मेडिकल कॉलेज भेजा। इस बीच बाइक स्वामी रंजीत से संपर्क के बाद पुलिस मृतकों की पहचान कर सकी। खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दो युवकों की मौत से कॉलोनी में मातम पसरा रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव कॉलोनी पहुंचते ही परिजन ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। कुछ लोग शव सिटी रोड पर रखकर जाम लगाने की बात करते रहे। सपा नेत्री शांति सिंह भी परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। सिविल लाइन चौकी प्रभारी सतीश यादव ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को वह पूरा कराएंगे। जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। नगर कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के समय गुजरने वाले ट्रक का सीसीटीवी के जरिये पहचान होगी।
इनसेट
नहीं साहब मेरा बेटा सो रहा है...
हादसे के बाद पुलिस मृतक पृथ्वी व सागर का ब्लॉक खोजते हुए पहुंची। सागर की मां इंद्राणी देवी ने बताया कि उनका बेटा गैराज से काम करके लौटा और कमरे में सो रहा है। भीतर जाने पर कमरे में सागर नहीं मिला। यह देख वह रोने लगीं। तीन भाइयों में सबसे बड़ा सागर गौतम मोटर मैकेनिक काम सीख रहा था। यही हाल पृथ्वी के परिजनों का भी रहा। उसके घर से बाहर जाने की परिजनों को भनक तक नहीं लग सकी।