मानिकपुर में सड़क हादसे में मृत मुस्कान। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
मानिकपुर थाना क्षेत्र के रहमतअली का पुरवा के समीप मंगलवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सैदासीपुर गांव निवासी इंद्रजीत (34) और उसकी भतीजी मुस्कान (8) की मौत हो गई। हादसे में इंद्रजीत की मां सूरजकली (62) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। तीनों लोग हौदेश्वरनाथधाम में दर्शन-पूजन करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के सैदासीपुर गांव निवासी इंद्रजीत पुत्र हरीलाल अपनी मां सूरजकली व भतीजी मुस्कान पुत्री चंद्रजीत के साथ मंगलवार को हौदेश्वरनाथधाम दर्शन करने गया था। दोपहर करीब एक बजे दर्शन के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के रहमतअली का पुरवा के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कुंडा सीएचसी ले गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद इंद्रजीत और मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। सूरजकली की हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजन दोनों का शव देख बिलख पड़े। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानिकपुर सड़क हादसे में मृत इंद्रजीत। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH