कार की टक्कर से मोपेड पर सवार दिव्यांग समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी कुंडा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोंडा के कोतवाली देहात जमुनिया बाग खुराशा निवासी आदेश और बलरामपुर के सहदुल्लाह हसउपुर निवासी दिव्यांग श्रीराम उर्फ भंडारी अपने साथी गडौरा रागड़गंज निवासी पवन के साथ सोमवार की शाम करीब पांच बजे बाइक से प्रयागराज जा रहे थे। तीनों कुंडा कोतवाली क्षेत्र के मझिलगांव के समीप प्रयागराज लखनऊ हाईवे पर पहुंचे थे कि तभी पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने मोपेड बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनों काफी दूर जा गिरे और घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें लेकर सीएचसी कुंडा आई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने तीनों को प्रयागराज एसआरएन रेफर कर दिया। पता चला है कि वहां पर इलाज के दौरान आदेश कुमार व श्रीराम उर्फ भंडारी की मौत हो गई। जबकि पवन कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह का कहना है कि दो की मौत हुई है। एक की हालत गंभीर रूप है। परिजनों की इसकी सूचना दी गई है।