मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन के पास रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर रास्ते पर फेंक रहे दो युवकों को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।
जीआरपी एसपी रोहित मिश्र ने अमेठी में हुए पथराव के बाद जीआरपी को सतर्क किया था। उन्होंने ट्रैक किनारे खड़े होकर पथराव करने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे। जीआरपी थाना प्रभारी चंचल सिंह ने बताया कि सुखदेव रोड कोतवाली नगर निवासी सत्यम कुमार गौतम और अमरूरपुर चांदा सुल्तानपुर निवासी विवेक हर्सल जेल रोड के पास पत्थर फेंक रहे थे। जीआरपी के समझाने पर वे शांत हुए लेकिन पुलिस के थोड़ा दूर जाते ही फिर पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद शांतिभंग की आशंका में चालान किया गयाहै। हाल ही में अमेठी में इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव से गार्ड घायल हो गया था। इसके बाद से जीआरपी ने सख्ती दिखाई है। हालांकि ट्रेन में पथराव करने वाले तक पुलिस अभी तक नहीं पहुंच पाई है।