हथिगवां थाना क्षेत्र के जहानाबाद फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार बेकाबू कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार हरियाणा के व्यापारी आशीष की मां व बहन की मौत हो गई। व्यापारी व उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।
हरियाणा के फरीदाबाद बल्लभगढ़ के कुंदन कॉलोनी निवासी आशीष चक्रवर्ती (54) अपनी कार में परिवार के लोगों के साथ कोलकाता से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार जहानाबाद फ्लाईओवर के पास पहुंची, अचानक नियंत्रण खो बैठी और बगल स्थित डिवाइडर से जा टकराई। कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी को मूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने आशीष की सास मंजू भद्र (70) व बहन बुलबुल (58) को मृत घोषित कर दिया। आशीष चक्रवर्ती व उनकी पत्नी मोनिका (51) का इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बनी है।