रानीगंज के अवर अभियंता के खिलाफ जांच के लिए समिति गठित कर दी गई। अफसरों ने दो सदस्यों की समिति को जांच का जिम्मा सौंपा है।
रानीगंज उपखंड के अवर अभियंता के खिलाफ जांच के लिए भोजपुर रामनगर निवासी आलोक तिवारी ने सीएम व उप्र पावर काॅरपोरेशन के अध्यक्ष को शिकायती पत्र दिया था। आरोप था कि अवर अभियंता प्रमोद यादव ने कई लोगों के विद्युत भार को कम दिखाकर व खंभे की दूरी को कम बताकर गलत एस्टीमेट बनाया और कनेक्शन दिया। इस कारण बिजली विभाग को नुकसान हो रहा है।
शिकायती पत्र में कहा गया कि कनेक्शन संख्या 4648039000 पर कम भार, कनेक्शन संख्या 6403180600 बिना बीएल फार्म और ट्रेजरी चालान जमा किए ही कनेक्शन दे दिया गया। मामले की जांच कराते हुए जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। वहीं अधीक्षण अभियंता ने रानीगंज खंड में अनियमितता की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
जेई का हुआ प्रयागराज स्थानांतरण
मुख्य अभियंता प्रयागराज विश्वदीप अंबरदार ने अवर अंभियंताओं के स्थानांतरण का पत्र जारी किया। इसमें जेई प्रमोद कुमार यादव का स्थानांतरण प्रयागराज किया गया है। जबकि जेई बसंतलाल को फतेहपुर से प्रतापगढ़ स्थानांतरित किया गया है। जांच के पहले ही जेई का स्थानांतरण प्रयागराज हो गया।
अधीक्षण अभियंता ने बनाई दो सदस्यीय जांच समिति
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सत्यपाल ने रानीगंज खंड के अधिशासी अभियंता संजय कुमार गुप्ता व कार्मिक अनिल यादव के विरुद्ध नलकूप व विद्युत संयोजन के लिए अवैध वसूली की शिकायत पर दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। जांच समिति के अध्यक्ष अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार सोनकर व सदस्य लेखाकार राजेंद्र प्रसाद यादव विद्युत वितरण खंड प्रथम को बनाया गया है। अधीक्षण अभियंता सत्यपाल ने बताया रानीगंज खंड में कनेक्शन देने के संबंध में लोगों की शिकायत मिली थी। समिति जांचकर जल्द आख्या देगी।