अलग-अलग स्थानों में करंट की चपेट में आने से ननिहाल में रहने वाली युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। युवती ईद पर अपने ननिहाल आई थी। मौत के बाद दोनों घरों में परिजन और रिश्तेदार रोने-बिलखने लगे।।सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर लौट गई।
रखहा प्रतिनिधि के अनुसार कंधई थाना क्षेत्र के डेंगुरपुर गांव की रहने वाली हिना (20) ईद मनाने के लिए अपने ननिहाल दिलीपपुर थाना क्षेत्र के यहियापुर गांव गई थी। शनिवार की देर रात मोटरपंप चालू करने के लिए वह जैसे ही बिजली बोर्ड पर लगे स्विच ऑन करने पहुंची, वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुनकर परिजन दौड़े। किसी तरह उसे करंट से बचाकर सीएचसी बेलखरनाथ धाम ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद हिना को मृत घोषित कर दिया। रोते बिलखते परिजन शव लेकर घर चले गए। घटना से मृतका के पिता वसीम, मां, दो भाई व छोटी बहन सहित परिजन रोते रहे।
वहीं संडवाचंद्रिका प्रतिनिधि के अनुसार अंतू थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के बिराहिमपुर वार्ड निवासी जय प्रकाश प्रजापति (18) बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। शनिवार की रात वह घर के बाहर घूम रहा था। इस बीच वह दरवाजे के समीप हैंडपंप में लगी मोटरपंप के खुले वायर में उसका पैर फंस गया। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर परिजन दौड़े और उसे किसी तरह बचाया। गंभीर रूप से झुलसे जय प्रकाश को उपचार के लिए परिजन सीएचसी संड़वा चंद्रिका लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे परीक्ष के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के पिता बृजलाल, मां व बड़े भाई शिव प्रकाश सहित परिजन रोते बिलखते हुए शव लेकर घर चले गए।