Two dead including advocate from Corona, 41 new cases
जिले में कोरोना की चपेट में आने से दो और लोगों की मौत हो गई। अंतू इलाके के अधिवक्ता ने इलाज के दौरान लखनऊ में दम तोड़ दिया, वहीं पट्टी के एक बुजुर्ग की प्रयागराज के एसआरएन में मौत हो गई। शुक्रवार को 24 घंटे के भीतर 41 नए मरीज सामने आए हैं।
रोडवेज के एआरएम और मानधाता और आसपुर देवसरा थाने में तैनात एक-एक दरोगा भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या अब बढ़कर 3555 हो गई है। वहीं अब तक 42 लोगों की मौत हो चुकी है।
अंतू थाना के कल्यानपुर निवासी 58 वर्षीय अधिवक्ता जिला कचहरी में वकालत करते थे। पांच दिन पहले उनकी तबियत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। पहले प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराया। हालत में सुधार न होने पर गुरुवार को परिजनों ने लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में वह कोरोना संक्रमित मिले। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह दस बजे उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने लखनऊ में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, पट्टी के शाहपुर गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को तबियत खराब होने पर दो दिन पहले प्रयागराज के एसआरएन में भर्ती कराया गया था, जहां जांच के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव मिले थे।
शुक्रवार को उनकी भी मौत हो गई। उधर, मानधाता और आसपुर देवसरा थाने में तैनात एक-एक दरोगा, हथिगवां थाने का एक सिपाही और रोडवेज के एआरएम भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। विकास भवन स्थित डीआरडीए कार्यालय के एक लिपिक की भी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। रानीगंज सीएचसी में हुई जांच में दो और कुंडा में तीन लोग संक्रमित पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में शुक्रवार को कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3555 पहुंच गई। जिसमें 2823 लोग रिकवर हो चुके हैं।