बाघराय थाना क्षेत्र के बूढ़ेपुर निवासी संदीप (25) और मंजीत (20) पुत्रगण राम आसरे गौतम और पप्पू व राजू पुत्रगण गुलबदन बीते 12 अगस्त को हरियाणा प्रांत के शाहाबाद मारकंडा कमाने गए थे। वे सभी मजदूरी कर जीविकोपार्जन के लिए किराए के मकान में रहते थे। इसी बीच वहां बाढ़ का पानी भर गया था और मकान चारों ओर से पानी से घिर गया था। दीवारों व छत में सीलन आ चुकी थी।
मंगलवार की देर शाम भोजन के बाद सभी लोग सो रहे थे कि बुधवार की सुबह करीब छह बजे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। चारों युवक मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों व स्थानीय पुलिस प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। इसमें सगे भाई संदीप और मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे सगे भाई पप्पू और राजू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला चिकित्सालय कुरुक्षेत्र में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। मृतक संदीप की पत्नी अनीता देवी, बेटा प्रिंस, बेटियां स्वाती, साक्षी व प्रियांशी सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है। वहीं मृतक मंजीत अविवाहित था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि संदीप और मंजीत बेहद गरीब परिवार से थे और रोजी-रोटी की तलाश में हरियाणा गए थे।
संदीप के छोटे भाई कुलदीप की शादी नवंबर में तय थी, लेकिन शादी से पहले ही दो भाइयों की मौत ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। इधर, दोनों घायलों के परिजन भी लगातार फोन पर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे बूढ़ेपुर में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई स्तब्ध है और परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटा है।