दो दिन पूर्व धारदार हथियार से गला रेतकर हुई प्रधान की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को जेल भेजा। दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रधान की हत्या की थी।
महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर गांव के 34 वर्षीय प्रधान करुणेश कुमार उर्फ मम्मन का शव शुक्रवार की शाम कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर-जमेठी मार्ग पर अवसान देवी धाम के करीब बाग के किनारे खड़ी कार में मिला था। प्रधान की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतक प्रधान के भाई सुशील उर्फ गुड्डू ने गांव के ही इम्तियाज उर्फ कल्लू, एक महिला व दो अज्ञात समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई। अपराध निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि खेमीपुर नहर के करीब से प्रधान पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला व कुलदीप कुमार केशरवानी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपी महिला ने बताया कि वह प्रधान से बातचीत करती थी, लेकिन कुछ दिन पहले प्रधान ने उसके साथ गलत हरकत की थी। जिस पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। यही नहीं मृतक प्रधान करुणेश उर्फ मम्मन ने कुछ महीने पहले गांव के इम्तियाज उर्फ कल्लू को भी मारा पीटा था। ऐसे में हम लोगों ने सुलह समझौते के बहाने बुलाकर हत्या कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू व खून से सने कपड़े बरामद करते हुए दोनों को जेल भेज दिया। जबकि घटना में शामिल तीसरे आरोपी इम्तियाज की तलाश में दबिश दे रही है।