दुस्साहस का परिचय देते हुए नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े टाइनी शाखा संचालक से 81 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश उसकी बाइक, लैपटॉप व मोबाइल भी लूटकर भागने में कामयाब रहे। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित टाइनी शाखा संचालक से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में पुलिस भागदौड़ करने लगी। एएसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
जेठवारा थाना क्षेत्र के पूरे ठकुराइन निवासी शरद दुबे पुत्र हरिगोविंद दुबे ने लक्ष्मीगंज बाजार में इलाहाबाद बैंक की टाइनी शाखा खोल रखी है। गुरुवार की सुबह करीब 10.30 बजे शरद दुबे डेरवा स्थित नोमान टेलीकाम से 75 हजार रुपये लेकर बाइक से लक्ष्मीगंज बाजार के लिए निकला। वह भीखमपुर गांव के करीब पहुंचा। तभी पल्सर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया। बाइक रोकते ही बदमाशों ने उसके बैग से 81 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने उसकी बाइक, लैपटाप और मोबाइल भी छीन लिया।
विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। लूटपाट के बाद भाग रहे बदमाशों को पकडने के लिए शरद ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भागने में कामयाब हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने पर जेठवारा पुलिस पहुंची और छानबीन के बाद बदमाशों की तलाश में निकली। कुछ देर बाद स्वॉट टीम संग एएसपी पश्चिमी शिवाजी शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद बदमाशों की धरपकड़ का फरमान सुनाया। पीड़ित शरद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एएसपी पश्चिमी शिवाजी शुक्ला ने बताया कि बदमाशों की तलाश में दो टीमें लगी हैं।