गर्मी के साथ बिजली की आंखमिचौली ने उपभोक्ताओं का दर्द बढ़ा दिया है। शहर से लेकर गांव तक बिजली कटौती पर विभाग का जोर नहीं है। शहर के दहिलामऊ, रूपापुर, बाबागंज व कादीपुर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में सोमवार सुबह छह से शाम छह बजे तक ट्रिपिंग के कारण 12 बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
शुकुलपुर में लाइन में फाल्ट की समस्या आई। वहीं, ग्रामीण अंचल में अधिकांश उपकेंद्रों पर रात में 10 से सुबह पांच बजे के बीच करीब छह घंटे तक बिजली कटौती की गई। जिस कारण ग्रामीण अंचल के उपभोक्ताओं की नींद पूरी नहीं हो सकी है।
बिजली कटौती से शहरी क्षेत्र के करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को दिक्कत का सामना करना पड़ा। वहीं, पहाड़पुर, अंतू, अजगरा, भुपियामऊ समेत ग्रामीण अंचल के उपकेंद्रों से रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित रहने से करीब डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ताओं की नींद टूटी। बिजली विभाग के अफसरों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन ब्रेकडाउन के कारण ग्रामीण अंचल के उपकेंद्रों पर रात के समय बिजली कटौती हो रही है।
शहर के शुकुलपुर निवासी जय प्रकाश मिश्र, आनंद सिंह व जमुना प्रसाद ने बताया कि दिनभर बिजली आवाजाही से पंखे व कूलर जल गए हैं। गर्मी से हाल बेहाल रहा। अजगरा उपकेंद्र के धानेपुर निवासी अनुज पांडेय, महराजगंज के राधेश्याम और पीपरताली के रोहित ने बताया कि रात के समय बिजली कटौती से नींद पूरी नहीं हो सकी।
अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति के निर्देश सभी उपकेंद्र के जेई को दिए गए हैं। लाइनों में फाल्ट व लोड के कारण ब्रेकडाउन होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।