शासन ने कालाकांकर व कोहड़ौर में ट्रामा सेंटर बनाने का फैसला लिया है ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाले हादसों के दौरान घायलों को समय से उपचार मिल सके। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रस्ताव शासन को भेजा है। सीएमओ का दावा है कि कुंभ के पहले कोहड़ौर और कालाकांकर में ट्रामा सेंटर का निर्माण पूरा हो जाएगा। दूसरी ओर पूरे केशवराय में नवनिर्मित ट्रामा सेंटर को ढहाने की योजना है।
जिले से चार हाईवे गुजरे हैं। इनमें से लखनऊ-प्रयागराज हाईवे और अयोध्या- प्रयागराज राजमार्ग पर ट्रामा सेंटर नहीं है। जबकि लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर लालगंज व रानीगंज में ट्रामा सेंटर संचालित है। सुलतानपुर जनपद से ढकवा होकर गुजरने वाले हाईवे पर भी गंभीर रूप से घायलों के इलाज की व्यवस्था है। मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर कोहड़ौर व लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर स्थित कालाकांकर में ट्रामा सेंटर निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन ने निर्माण की दिशा में स्वीकृति भी दे दी है। निकाय चुनाव के बाद निर्माण के लिए मंजूरी मिलने की संभावना है। वर्ष 2025 में प्रयागराज के कुंभ मेला के पहले ट्रामा सेंटर बनकर तैयार होने की उम्मीद है। वहीं पूरे केशव राय में ट्रामा सेंटर का निर्माण हुआ था। हालांकि कोविड के पहली लहर में केवल कोरोना संक्रमित लोगों को भर्ती कर इलाज किया गया था। सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला ने बताया कि जिस गाटा संख्या में ट्रामा सेंटर पूरे केशवराय का निर्माण हुआ है। उसी गाटा संख्या से बाईपास निकल रहा है। इसलिए पूरे केशवराय के ट्रामा सेंटर को ढहा दिया जाएगा।