Transport Corporation will run 11 special buses on Chhath festival
छठ पर्व को देखते हुए राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 11 स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। पहली बार सात बसें प्रतापगढ़ से वाराणसी के रूटों पर दौडेंगी। वहीं कुछ बसों का रूट परिवर्तन करके चलाया जाएगा। इससे बनारस जाने वाले यात्रियों की राह आसान होगी।
दिवाली के बाद छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम 31 अक्तूबर तक अलग-अलग रूटों पर 11 स्पेशल बसें चलाएगा। ये बसें छठ पर्व तक प्रतापगढ़ डिपो से संचालित होगी। इनमें सात बसों में चार बसें पट्टी, जौनपुर के रास्ते से वाराणसी जाएगी तो तीन बसें रानीगंज, बादशाहपुर होते हुए वाराणसी रूट पर फर्राटा भरेंगी। इतना ही नहीं दो बसें दिल्ली से प्रतापगढ़ आएंगी। एक बस प्रयागराज के रास्ते से वाराणसी और दूसरी अयोध्या से होते हुए वाराणसी के लिए चलाई जाएगी।
निगम की ओर से स्पेशल बसों का रूट चार्ट जारी किया गया है। क्षेत्रीय परिवहन प्रबंधक पीके कटिहार ने बताया कि 11 स्पेशल बसों का संचालन किया जा रहा है। ताकि छठ पर्व पर लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना न करना पड़े। स्पेशल बसों के संचालन के दौरान रोडवेज के सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं।