पुलिस अधीक्षक कार्यालय के करीब बुधवार को बिजली की सप्लाई आते ही ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल गया। हादसे से बचने के लिए पूरा रोड खाली हो गया। फायरब्रिगेड का फोन नहीं उठा तो सूचना देने के लिए बाइक से एक युवक पहुंचा। इसके बाद फायरब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
तूफान आने के बाद मंगलवार की रात से ही बेल्हा की बिजली गुल हो गई। बुधवार की दोपहर बिजली सप्लाई दहिलामऊ विद्युत उपकेंद्र से चालू हुई। इसी दौरान एसपी कार्यालय के गेट पर लगा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। यह देख चौराहे पर मौजूद लोग फायरब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना देेने के लिए फोन लगाने लगे। तेज आग की लपटें उठती देख उधर से गुजरने वाले लोगों ने रास्ता बदल दिया।
इस दौरान एक युवक बाइक से फायरब्रिगेड कार्यालय सूचना देने पहुंचा। इधर, सप्लाई कट गई थी, लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया तो सड़क पर तमाशबीनों का जमघट लग गया। करीब पंद्रह मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।