त्योहार से पहले ही दिल्ली, मुंबई, पंजाब से आने वाली ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। अबकी सैकड़ों भाइयों की कलाई सूनी रह सकती है। रक्षाबंधन का पर्व इस बार 30 और 31 अगस्त को मनाया जाना है। लेकिन, त्योहार से पहले ही दिल्ली, पंजाब, वाराणसी, मुंबई से आने वाली ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची है। ऐसे में बाहर रहने वाले लोगों में घर पहुंचने को लेकर निराशा है।
ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची होने की वजह से बहनों में भी इस बात का डर है कि कहीं उनके भाई की कलाई सूनी न रह जाए। इतना ही नहीं पर्व के बाद भी प्रतापगढ़ से दिल्ली, मुंबई और पंजाब के साथ वाराणसी जाने वाली ट्रेनों में मारामारी है।
दिल्ली से प्रतापगढ़ आने वाली पद्मावत एक्सप्रेस में रक्षाबंधन तक सभी श्रेणियों में प्रतीक्षा सूची है। फर्स्ट से लेकर थर्ड एसी तक सीट खाली नहीं है। यहीं हाल दिल्ली से चलकर वाराणसी को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, पंजाबमेल, देहरादून वाराणसी जनता एक्सप्रेस, उद्योगनगरी, भोपाल एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस और तुलसी एक्सप्रेस का है।
सीएमआई नीरज ने बताया, रक्षाबंधन हो या फिर दिवाली, होली का पर्व हर कोई परिवार के साथ मनाना चाहता है। बड़ी संख्या में लोगों ने काफी पहले से ही टिकट ले रखा है। ऐसे में कंफर्म टिकट मिल पाना मुश्किल है। 31 अगस्त के बाद 10 सिंतबर तक दिल्ली, मुंबई और पंजाब जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ेगा। पहले से ही इन रास्तों पर चलने वाली ट्रेनों की सीट आरक्षित हो चुकी है।