प्रतापगढ़। प्रशिक्षु शिक्षकों को सोमवार को नियुक्ति पत्र नहीं दिए जा सके। अब चयनित 440 प्रशिक्षुओं को मंगलवार को नियुक्ति पत्र देने के लिए बुलाया गया है। नियुुक्ति पत्र की लालसा में सुबह से उमड़ी भीड़ देर शाम तक कार्यालय में जमा रही।
जिले के 440 प्रशिक्षु शिक्षकों का चयन किया गया। शासन ने सोमवार को इन शिक्षकों को नियुुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया था। मगर विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते सोमवार शाम तक प्रशिक्षुओं को नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। इधर नियुक्ति पत्र के लिए सुबह से ही बीएसए कार्यालय पर अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ी रही। दूर-दूर से आए अभ्यर्थी अधिकारियों के बाहर निकलने की प्रतीक्षा करते रहे। दोपहर बाद बीएसए के निर्देश पर अभ्यर्थियों से प्रमाणपत्रों की छायाप्रति जमा कराई गई, मगर देरशाम तक नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि मंगलवार की सुबह अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।
एक ही दिन में परीक्षा और रिजल्ट घोषित करने का दावा करने वाले बीएसए ने अभी तक एबीआरसी का रिजल्ट नहीं घोषित किया है। इससे शिक्षकों में गहरी नाराजगी है। शहर के जीआईसी में शनिवार को हुई परीक्षा में रविवार को परिणाम जारी करने की बात कही थी। बीएसए एसटी हुसैन ने सोमवार को बात करने पर बताया कि सभी का चयन कर लिया गया है, जिला समन्वयक अशोक प्रताप सिंह के बाहर होने के कारण हस्ताक्षर होना बाकी है। उन्होंने बुधवार को रिजल्ट जारी होने की बात कही है।