यूपीआई पर एमडीआर के विरोध में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन देते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्र
यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर शुल्क लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने जुलूस निकाला। जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार केसरवानी के नेतृत्व में सभी कचहरी पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी पारसनाथ को सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि 15 अक्तूबर से यूपीआई के जरिये भुगतान प्राप्त करने पर व्यापारियों से 0.4 प्रतिशत शुल्क वसूलने का प्रस्ताव उनके हितों को प्रभावित करेगा। उनका कहना है कि पहले से जीएसटी, आयकर और अन्य करों का बोझ झेल रहे व्यापारियों पर अतिरिक्त शुल्क लगने से उनकी आय में कमी आएगी।
व्यापार मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को समाप्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान अभय खंडेलवाल, संजय सोनी, सरदार महेंद्र सिंह, राहुल केसरवानी, नारायण खंडेलवाल, शिवम केसरवानी, अख्तर राईन, प्रदीप यादव शामिल रहे।