चचेरे भाइयों पर हमले से व्यापारियों
में उबाल, बंद रखीं दुकानें, थाना घेरा
-पुलिस ने दो नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ दर्ज किया डकैती का मुकदमा
-आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चार घंटे तक थाने पर डटे रहे व्यापारी
-उधार के सौ रुपये मांगने पर दबंगों ने रविवार को मारपीट कर डाला था खौलता तेल
संवाद न्यूज एजेंसी
किशुनगंज/ रखहा। मिठाई की दुकान किए चचेरे भाइयों पर उधार के सौ रुपये मांगने पर दबंगों के खौलता तेल डालने से व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस के रवैए के खिलाफ सोमवार को व्यापारियों ने किशुनगंज व कंधई मधुपुर बाजार बंद रखीं। चार घंटे तक थाने पर घेराव करके नारेबाजी की। इधर, थाने पहुंचे नए थानेदार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। आनन-फानन में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंधई थाना क्षेत्र के भैरवगंज निवासी मेवालाल ऊमरवैश्य पुत्र जीतलाल का आरोप था कि उसके पुत्र विष्णु व विशाल रविवार को किशुनगंज बाजार में जलेबी की दुकान पर मौजूद थे। इस बीच अमित पांडेय पुत्र वीरेंद्र पांडेय, गोलू गिरि पत्र जगदीश गिरि निवासी भैरवगंज थाना कंधई बाजार अपने चार अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे। सभी विशाल व विष्णु से रुपये की मांग करने लगे। मना करने पर खौलता तेल फेंक दिया। विरोध पर विशाल को पीटने लगे। अजय कुमार ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसे भी पीटकर पांच हजार रुपये छीन लिए। बाजार के लोगों के दौड़ने पर हमलावर गाली-गलौज व धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने दो नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कर रात भर आरोपियों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध जताते हुए सोमवार को किशुनगंज व कंधई मधुपुर बाजार बंद कर दी। नाराज व्यापारी कंधई थाने पहुंचकर घेराव कर दिए। पुलिस के रवैये को लेकर भी लोग नाराजगी जताने लगे। पुलिस सभी को मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी तो लोग गिरफ्तारी की जिद पर अड़ गए। व्यापारियों का कहना था कि आए दिन दबंग उन लोगों को परेशान करते हैं। जिससे उनका जीना दूभर हो गया है। नए थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया। भरोसा दिलाया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होगी। दोपहर एक बजे के करीब व्यापारी थाने से हटे। इसे लेकर थाने में गहमागहमी का माहौल व्याप्त रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। बाजार में पुलिस की पिकेट 24 घंटे मौजूद रहेगी।
इनसेट------
दरोगा के रवैए पर जताते रहे नाराजगी
रविवार की रात किशुनगंज बाजार पहुंचे सीओ पट्टी के सामने व्यापारी व पीड़ित कंधई थाने में तैनात दरोगा कमलेश सरोज के रवैए पर नाराजगी जताते रहे। सोमवार को थाने का घेराव करने के दौरान भी दरोगा द्वारा व्यापारियों को धमकाने व अपशब्द बोलने का भी मामला उठता रहा।
इनसेट-----
बाग में छिपे थे हमले के आरोपी
किशुनगंज में दुकानदारों पर हमला करने के आरोपी महज पांच सौ मीटर की दूरी पर बाग में छिपे थे। हमलावरों की धमकी से सहमे पीड़ित व्यापारी अपने घर नहीं जा रहे थे। पुलिस से कई बार शिकायत की लेकिन पुलिसकर्मी भी बाग की ओर जाने से कतराते रहे। दूसरे रास्ते से पीड़ित परिवार के लोग अपने घर पहुंचे। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है।
इनसेट----
सदर विधायक को भी झेलना पड़ा आक्रोश
किशुनगंज में व्यापारी पर हुए हमले की जानकारी मिलने पर सदर विधायक राजकुमार पाल सोमवार को किशुनगंज बाजार पहुंचे। जहां पीड़ित व्यापारियों ने उन्हें घेर लिया। अपनी समस्या जताते हुए दरोगा की करतूत बताई। फिर से हमले की धमकी से सहमे व्यापारियों ने विधायक को बताया कि मात्र 20 रुपये के लिए बाजार में हत्या हो चुकी है। दरोगा को भी गोली मारी गई थी। पुलिस सबकुछ जानते हुए भी एकतरफा कार्रवाई करती है। पहले राउंड में हुई मारपीट के दौरान आरोपी गोलू व अमित को पकडक़र ले गई थी लेकिन बाद में छोड़ दिया। विधायक ने सभी को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।