मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आने वाले मरीजों को ओपीडी में पर्ची कटवाने और डॉक्टर को दिखाने के लिए अब लंबी कतार में नहीं लगना होगा। मेडिकल कॉलेज में बुधवार से टोकन सिस्टम प्रणाली को लागू कर दिया गया है।
मंगलवार के अंक में टोकन सिस्टम प्रणाली न लागू होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन हरकत में आया। सीएमएस ने तत्काल टोकन सिस्टम आधारित नई व्यवस्था को लागू कराया। सप्ताह भर पहले मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान भीड़ देखते हुए डीएम शिव सहाय अवस्थी ने टोकन सिस्टम प्रणाली लागू करने का निर्देश सीएमएस को दिया था।
डीएम के निर्देश के बाद भी व्यवस्था लागू नहीं हो सकी थी। सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि टोकन सिस्टम प्रणाली लागू होने के बाद ओपीडी में पर्ची लेते ही उसमे टोकन नंबर लिखा जा रहा है। पर्ची को चिकित्सक के पास जमा करने के बाद टोकन के माध्यम से मरीजों को बुलाकर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टर यदि जांच के लिए लिख रहे हैं तो उसी टोकन को देखते हुए ब्लड का सैंपल लिया जा रहा है।