भारत स्वच्छ मिशन के तहत जिला स्वच्छता समिति की ओर से बुधवार रात हादीहाल में आयोजित ग्राम स्वच्छता सर्वेक्षण और एक शाम ओडीएफ के नाम कार्यक्रम में जिले के खुले में शौच से मुक्त किए गए गांवों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिले की प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह ने कहा कि घर में शौचालय होगा तो बहू-बेटियां सुरक्षित रहेंगी। बीमारियों से दूर रहेंगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में प्रतापगढ़ में ऐतिहासिक काम हुआ है। मंच से डीएम और सीडीओ की शान में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि इतना अच्छा काम तो उनके क्षेत्र में भी नहीं हुआ है। इसके लिए जिले के प्रधान बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी नीतियों की जीत है। प्रदेश की योगी सरकार प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने में लगी हुई है। इससे पहले सांसद हरिवंश सिंह ने कहा कि स्वच्छता के मामले में प्रतापगढ़ ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। यहां की जनता जागरूक हुई है। लोग स्वच्छता का मतलब समझने लगे हैं। सदर विधायक संगमलाल गुप्ता ने भी मोदी और योगी सरकार के कार्यों का बखान किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरिप्रताप सिंह, मंत्री मोती सिंह के प्रतिनिधि विनोद पांडेय, जिलाधिकारी शंभु सिंह, सीडीओ राजकमल यादव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री के बोलते समय गुल हो गई बिजली
जिले की प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह ने अभी बोलना शुरू ही किया था कि हाल की बत्ती अचानक गुल हो गई। इससे अंधेरा छा गया। इस पर नेताओं ने किसी तरह मोबाइल का टार्च जलाकर रोशनी की। प्रभारी मंत्री करीब पांच मिनट तक हाथ में माइक लेकर अंधेरे में खड़ी रहीं।
कार्यक्रम में चारों तरफ दिखी अव्यवस्था
बारिश के बाद अंदर कार्यक्रम में जुटे प्रधान और कार्यकर्ता उमस के चलते परेशान रहे। चारों तरफ अव्यवस्था का आलम था। अफसर मंत्री को ही चेहरा दिखाने में लगे थे।