जिलेभर में विजय दशमी का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। जगह-जगह मेला लगेगा। इस दौरान भगवान श्रीराम के बाणों से अधर्मी लंकेश के वध का मंचन होगा।
विजय दशमी पर शहर के रामलीला मैदान में ऐतिहासिक दशहरा मेला लगेगा। श्री रामलीला समिति के कलाकारों की ओर से रावण वध का मंचन किया जाएगा। भगवान श्री राम के बाण से अधर्मी लंकेश धू-धू कर जलेगा।
मंगलवार को शाम पांच बजे इसका मंचन किया जाएगा। सोमवार की शाम श्रीरामलीला समिति के संरक्षक रोशन लाल उमरवैश्य के दिशा-निर्देश पर मेले की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया।
रामलीला मैदान में झूले के अलावा अन्य मनोरंजन के केंद्र को विस्तार से सजाया गया है ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैनाती रहेगी। संरक्षक रोशन लाल उमरवैश्य ने बताया कि दशहरा मेले का आयोजन पारंपरिक तरीके से होगा।