पट्टी कोतवाली के किठौली गांव में घर में रखी कीटनाशक को गलती से मासूम ने निगल लिया। इससे तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के शिव दत्त पांडेय ऑटो रिक्शा चलाते हैं। उनको एक बेटा और एक बेटी है। बुधवार दोपहर में घर में खेलते समय गलती से तीन वर्षीय कार्तिक ने कीटनाशक पी लिया। उसकी हालत गंभीर देखते हुए परिजन सीएचसी पट्टी ले गए जहां डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मासूम की सांसें थम गईं। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम व पुलिस को सूचना दिए बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिए।