three villages of kunda have been sealed
- फोटो : PRATAPGARH
क्षेत्र में महिला समेत तीन कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद से लोगों में खौफ फैल गया है। इनमें से दो की सैंपलिंग मुंबई से आने के दौरान भुपियामऊ में हुई थी। उधर, एक युवक की तबीयत खराब होने पर उसे प्रयागराज भेजा गया था। वहीं पर उसकी सैंपलिंग हुई। तीनों की रिपोर्ट शनिवार को पाजिटिव आ गई। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पुलिस व तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
कुंडा के ताजपुर सरियावां का एक युवक व कोटिला अख्तियारी गांव की एक महिला मुंबई से 12 मई को ट्रेन से आई थी। ट्रेन से आने के बाद उनकी सैंपलिंग भुपियामऊ में जयमंगल सिंह इंस्टीट्यूट में हुई थी। इसके बाद इन्हें घर भेज दिया गया था। घर पर पहुंचकर यह लोग क्वारंटाइन थे। शनिवार को इनकी रिपोर्ट पाजिटिव आ गई। इसी तरह से कुंडा के रहवई पनाहनगर निवासी एक युवक मुंबई से आया था। उसकी तबीयत खराब होने के चलते उसे सीएचसी कुंडा भेजा गया था। कुंडा सीएचसी से चिकित्सकों ने उसके लक्षण देखते हुए प्रयागराज भेज दिया गया। वहीं पर उसकी सैंपलिंग हुई। शनिवार को तीनों की रिपोर्ट पाजिटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंच मच गया।
सूचना स्थानीय पुलिस व प्रशासन को भी दी गई। इसके बाद पुलिस ने जहां गावं को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। रहवई में पांच बैरियर बनाया गया है। सरियावां में भी पांच बैरियर बनाया गया। इसी तरह से कोटिला अख्तियारी में भी बैरियर बनाकर लोगों को रोक दिया गया है। हालांकि फोर्स की कमी के कारण इन गांवों में बैरियर पर सिपाहियों की उपलब्धता नहीं है। उधर सीएचसी अधीक्षक डा.दिनेश सिंह ने गांवो में स्वास्थ्यकर्मियों को भेजकर सैनिटाइजेशन कराया। रविवार से इन गांवों में सर्वे के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
three villages of kunda have been sealed- फोटो : PRATAPGARH