प्रतापगढ़। लॉकडाउन में मनाही के बाद भी दुकान खोलकर मोबाइल बेचने वालों पर शुक्रवार की सुबह पुलिस ने लाठियां भांजीं। एसडीएम सदर और सीओ सिटी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में तीन दुकानों को सील कर दिया और चार दुकानदारों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार दुकानदारों को दोपहर में छोड़ दिया।
शहर के गीता कांपलेक्स में शुक्रवार की सुबह मोबाइल की दुकान खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम सदर मोहनलाल गुप्ता और सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस को देखकर ग्राहक भागने लगे। इस दौरान जो सामने पड़ा उस पर पुलिस ने लाठियां चटकाईं। दुकानदार भी भागने का प्रयास किए, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। एसडीएम सदर ने तीन दुकानों को सील करके दुकानदारों को भगवाचुंगी पुलिसचौकी के हवाले कर दिया
शाम को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दुकानदार आशीष कुमार, सलमान, अंकित और नागिन के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि दोपहर में ही दुकानदारों को छोड़ दिया गया था।
0