सांगीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। बाजार निवासी मेडिकल स्टोर संचालक भी कोरोना संक्रमित मिला है।
सांगीपुर बाजार में कोरोना संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
तीसरे दिन रैपिड टेस्ट में प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी व एक मेडिकल स्टोर संचालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। रविवार को करीब 90 लोगों की रैपिड जांच की गई। जांच में सांगीपुर के प्रभारी निरीक्षक व घुइसरनाथधाम पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों की जांच में कोरोना की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया।
एसडीएम बीके प्रसाद ने भी अपनी कोरोना की जांच कराई, लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। इससे जहां प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली है। बाबा धाम स्थित पुलिस चौकी के दो सिपाहियों को कोरोना होने से स्थानीय बाजार में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।
हॉटस्पाट एरिया में एसडीएम व सीओ का पैदल मार्च
स्थानीय बाजार में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों से प्रशासन अलर्ट है। हॉटस्पॉट में मरीजों की बढ़ती संख्या को देख सख्ती कर दी गई है। रविवार को एसडीएम व सीओ ने पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया।
सांगीपुर बाजार में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। रविवार को तीन पुलिस कर्मियों समेत चार मामले आने से बाजार में संक्रमितों की संख्या पंद्रह हो गई है। सांगीपुर में दो सौ मीटर के दायरे में पंद्रह मरीज मिलने के बाद जिलाधिकारी ने आधे बाजार को हॉटस्पाट घोषित कर दिया है। रविवार को एसडीएम बीके प्रसाद व सीओ जगमोहन सिंह हॉटस्पॉट क्षेत्र में हालात का जायजा लेने सांगीपुर पहुंचे।
अफसरों ने पुलिसकर्मियों के साथ पैदल मार्च कर लोगों से घरों में रहने की अपील की। इस दौरान हॉटस्पाट क्षेत्र मेें मेडिकल स्टोर व कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठान खुले मिलने पर अफसरों ने संचालकों को फटकार लगाते हुए दुकानें को बंद करा दिया। एसडीएम ने हॉटस्पाट क्षेत्र में सरकारी दफ्तर व स्कूल भी बंद रखने का निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि हॉटस्पाट क्षेत्र में मिलने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के आरोप में चार पर केस
कोतवाली के अजगरा कुर्मियान निवासी रामराज वर्मा ने पुलिस की दी गई तहरीर में कहा है कि बीते 30 जुलाई को गांव के पन्ने लाल वर्मा, मोहित कोरी, रमेश केसरवानी व एक अज्ञात युवक ने उसके खेत में लगा सबमर्सिबल चोरी कर लिया। पीड़ित की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ चोरी का मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
युवक पर फायर झोंकने में दो पर केस
दो लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। लालगंज कोतवाली के मादामई हनुमानपुर निवासी हिमांशु सिंह की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि बीते 25 जुलाई को रंजिश के चलते गांव के बृजेंद्र यादव व शैलेंद्र यादव ने गालीगलौज करते हुए उसपर तमंचे से फायर झोंक दिया। हालांकि वह किसी तरह बच गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को लालगंज कोतवाली के नामजद दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।
युवक को पीटकर किया मरणासन्न
कोतवाली के अजगरा पूरे गिरवर निवासी विनोद कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पहली अगस्त को बरसात का पानी निकलने को लेकर हुए विवाद में विपक्षियों उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसे लाठी डंडा व कुल्हाड़ी से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। आरोपियों ने घर में रखे कीमती सामनों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। कोतवाल ने छानबीन के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सांगीपुर थाने में संदिग्धों का सेम्पल लेते स्वास्थ्यकर्मी।- फोटो : PRATAPGARH