जिले में 24 घंटे के भीतर डेंगू के तीन नए मामले पुष्ट हुए हैं। बुखार पीड़ित मरीज डेंगू की आशंका से परेशान हैं। ओपीडी में मौसम जनित बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भरमार है। अभी तक डेंगू के 84 संक्रमित पाए गए हैं। 20 डेंगू संक्रमित मेडिकल कॉलेज के राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में भर्ती हैं। किट से डेंगू जांच कराने वाले निजी अस्पतालों में भी इलाज करा रहे हैं।
सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल के मुताबिक डेंगू संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज करने की व्यवस्था मेडिकल कॉलेज के साथ ही सीएचसी में की गई है। यदि निजी अस्पताल संचालक डेंगू पॉजिटिव मरीजों को भर्ती कर इलाज कर रहे हैं तो उन्हें सीएमओ कार्यालय को इसकी जानकारी देने के लिए भी निर्देश दिया गया है।
सीएमओ के मुताबिक संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़े के तहत मच्छररोधी अभियान चलाया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में डेंगू या मलेरिया संक्रमित मिल रहे हैं, वहां प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। एंटी लार्वा छिड़काव कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे डेंगू पर काबू पाया जा सके।
सीएमओ कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक अगस्त से अभी तक जिले में 84 लोगों में डेंगू संक्रमम की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से अधिकतर ठीक हो चुके हैं। राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में भर्ती मरीजों की स्थिति में सुधार है। कुछ संक्रमित अपने घर पर आइसोलेट हैं।