मेडिसिन, सर्जरी विभाग के साथ बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों को मिलेगी आईसीयू की सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज में आने वाले गंभीर मरीजों और तीमारदारों को प्रयागराज या लखनऊ तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। कॉलेज में तीन आईसीयू तैयार किए जाएंगे। इनमें एक सर्जरी विभाग तो दूसरा मेडिसिन विभाग और बर्न वार्ड में झुलसे मरीजों के लिए होगा। तीनों आईसीयू में 90 बेड होंगे। वेंटीलेटर भी उपलब्ध कराया जाएगा। उपचार की सहूलियत बढ़ने से मरीजों और उनके तीमारदारों को राहत होगी।
मेडिकल कॉलेज में 15 बेड का आईसीयू वार्ड है। इस वार्ड में वेंटीलेटर तक की व्यवस्था नहीं है। इमरजेंसी में आने वाले गंभीर मरीजों को प्रयागराज या लखनऊ रेफर कर दिया जाता है। इस समस्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. सलिल श्रीवास्तव ने तीन आईसीयू वार्ड तैयार करने के लिए शासन के पास प्रस्ताव भेजा है। इन आईसीयू में कुल 90 बेड होंगे। सौ वेंटीलेटर की भी मांग की गई है।
प्राचार्य के मुताबिक 90 बेड के आईसीयू को तीन श्रेणी में बांटा जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 बेड का मेडिसिन, फिर मरीजों के हिसाब से सर्जिकल व आग से झुलसे मरीजों के लिए आईसीयू वार्ड तैयार किया जाएगा। ताकि मरीजों का बेहतर उपचार हो सके। अभी झुलसे व दिल के रोगियों को समस्या हो रही है। चिकित्सक उन्हें तत्काल प्रयागराज या लखनऊ रेफर करते हैं तो मरीज के साथ तीमारदार भी परेशान होते हैं।