संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के डंडियां खनवारी में बृहस्पतिवार को होली खेलने के बाद शारदा सहायक नहर में नहाने के दौरान दो सगी बहनों समेत तीन बच्चियां पानी में लापता हो गईं। पांच बच्चे साथ गए थे। दो सुरक्षित निकल आए। तीनों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम व स्थानीय गोताखोर देर शाम तक लगे रहे।
डंडियां खनवारी निवासी रामनरेश पटेल की तीन बेटियां आंचल (14), काजल (12), रिया (10) और उनकी चचेरी बहन मोहिनी (9) व पड़ोसी श्रीकृष्ण यादव का दिव्यांग बेटा सतीश (15) बृहस्पतिवार करीब 11.30 बजे गांव से 500 मीटर दूर नहर में नहा रहे थे। सतीश नहाकर बाहर निकला तो देखा चारों गहरे पानी में डूब रहीं। वह कूद पड़ा और काजल को बाहर निकाल लाया। लेकिन आंचल, रिया और मोहिनी गहरे पानी में समा गईं।
बाहर निकले सतीश और काजल के शोर मचाने पर गांव के लोग और परिजन भी आ गए। बच्चियों की खोज में स्थानीय गोताखोर नहर में उतारे गए। थोड़ी देर में थानाध्यक्ष संग्रामगढ़ मनोज तोमर, सीओ लालगंज आशुतोष मिश्र के साथ संग्रामगढ़ और लालगंज से फायरब्रिगेड के कर्मचारी भी पहुंचे। शाम को जौनपुर से दरोगा रजत कुमार के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने बच्चियों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
बोले अफसर
शारदा सहायक नहर में संग्रामगढ़ के डंडियां खनवारी में नहाने के दौरान डूबीं दो सगी बहनों समेत तीन बच्चियों की तलाश में एसडीआरएफ लगी है। सूचना मिलने के बाद ही पुलिस, फायरब्रिगेड की टीम पहुंच गई थी। उनकी तलाश की जा रही है। - बृजनंदन राय, एएसपी पश्चिमी