पूरे हिरावन का बजट स्वीकृत, कूराडीह व मुआरअधारगंज के प्रस्ताव पर जारी है प्रक्रिया
प्रतापगढ़। रानीगंज क्षेत्र के पूरे हिरावन, कूराडीह व मुआरआधारगंज में नए विद्युत उपकेंद्र का निर्माण होगा। इससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द ही बदलाव होगा। विधायक धीरज ओझा के प्रस्ताव पर पूरे हिरावन का बजट स्वीकृत हो गया है, जबकि कूराडीह मुआर आधारगंज के प्रस्ताव पर प्रक्रिया जारी है। विभाग की मानें तो जल्द ही उपकेंद्रों का निर्माण शुरू होगा। इससे सैकड़ों गांवों की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा।
विद्युत वितरण पारेषण खंड रानीगंज से रानीगंज पावर हाउस, तौकलपुर, पांडेयतारा, खाखापुर, गौरा सहित पांच उपकेंद्र जुड़े हैं। इन्हीं उपकेंद्रों के जरिए क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। इन उपकेंद्रों पर क्षमता से अधिक लोड होने से आपूर्ति व्यवस्था आए दिन प्रभावित होती है। बारिश के दिनों में समस्या अधिक होती है। ट्रांसफार्मर फुंकने, तार टूटने की घटनाएं अधिक होती हैं। एलटी व एचटी लाइन दोनों प्रभावित होती है। मगर अब उपभोक्ताओं को इससे जल्द ही निजात मिलेगी। पूरे हिरावन, कूराडीह व मुआरआधारगंज में नए उपकेंद्र के लिए विधायक धीरज ओझा के भेजे प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। अफसरों का कहना हे कि पूरे हिरावन में नए विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति मिलने के साथ ही 1 करोड़ एक लाख का बजट निर्गत हो गया है।
जबकि कूराडीह व मुआरआधारगंज में नए विद्युत उपकेंद्र की प्रक्रि या जारी है। इससे करीब 300 गांवों के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। अधिशाषी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि पूरे हिरावन में जल्द ही विद्युत उपकेंद्र का निर्माण शुरू होगा। मुआरआधारगंज व कूराडीह की प्रक्रिया जारी है। बजट स्वीकृत होने पर निर्माण कार्य शुरू होगा।
इन उपकेंद्रों का कम होगा लोड
पूरे हिरावन उपकेंद्र बनने से तौकलपुर व पांडेयतारा जबकि मुआरआधारगंज से रानीगंज, खाखापुर व तौकलपुर का भार कम होगा। इसी तरह कूराडीह के बनने से रानीगंज व पांडेयतारा का भार कम होगा।