अंतू थाना क्षेत्र के गौराडांड में मारपीट में घायल पुनीत पांडेय की गैर इरादतन हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को जेल भेजा। दिल्ली से मां और भाई के आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।
गौराडांड निवासी 35 वर्षीय पुनीत पांडेय के साथ जमीन के लेनदेन के विवाद में पड़ोसियों ने मारपीट की थी। शनिवार की देर रात उसकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुनीत के भाई सुशील की तहरीर पर पुलिस ने परिवार के ही विकास, तरुण, अरुण के खिलाफ गैर इरादत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम में उसकी मौत मारपीट से आई चोटों के कारण होने के बाद पुलिस ने रविवार रात ही आरोपी दो सगे भाइयों विकास पांडेय, तरुण पांडेय और पड़ोस के अरुण पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को मां व भाई अनिल के पहुंचने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की गहराई से छानबीन में पता चला कि आरोपियों ने पुनीत के साथ मारपीट की थी। तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया।