एएनटीएफ लखनऊ और पट्टी पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार रात औराइन मोड़ पर घेराबंदी कर एमडी तस्करी के तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से पुलिस को 700 ग्राम एमडी, दो बाइक और मोबाइल फोन मिले हैं। एमडी की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।
एएनटीएफ लखनऊ के एसआई सूरज सिंह को एमडी तस्करी की सूचना मिली थी। एसआई ने मामले की जानकारी सीओ पट्टी को दी। लखनऊ से एएनटीएफ टीम पट्टी पहुंची। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम नौरंगपुर बाजार पहुंची।
आरोपियों की लोकेशन औराइन मोड़ के पास मिली। टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाइक को पुलिस ने एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने औराइन के अतुल तिवारी की भी तस्करी में संलिप्तता बताई।
एसआई सूरज सिंह की तहरीर पर औराइन निवासी हरिकेश तिवारी, अभिनव त्रिपाठी, श्याम पाठक व अतुल तिवारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ पट्टी प्रदीप सिंह ने बताया कि अतुल को छोड़कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।