फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले शाही स्नान पर ही फंसेंगे हजारों श्रद्धालु

Sat, 12 Jan 2019 12:52 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रतापगढ़
विज्ञापन
हाइवे - फोटो : प्रतापगढ़।
विज्ञापन
संगम की रेती पर 14-15 जनवरी को होने वाले कुंभ के पहले शाही स्नान पर ही हजारों श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे भुपियामऊ से सोरांव के बीच हाईवे फोरलेन नहीं हो सका है। मऊआइमा में रामफल की इनारी के बाद सोरांव तक टू-लेन सड़क भी तैयार नहीं हो सकी है। जगह-जगह काम अधूरा है। इससे श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने पर भीषण जाम लगेगा।
विज्ञापन


कुंभ की भव्यता को लेकर योगी सरकार ने जहां पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं भुपियामऊ से सोरांव तक फोरलेन का निर्माण आधा-अधूरा होने से श्रद्धालुओं को संगम की रेती तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। गोंडा, बस्ती, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, फैजाबाद, सुल्तानपुर समेत प्रतापगढ़ के स्नानार्थियों के लिए कुंभ नगरी पहुंचने के लिए अयोध्या-प्रयागराज हाईवे से ही गुजरना होगा। फोरलेन का निर्माण पूरा नहीं होने से इन जिलों के श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

एकमात्र रास्ता होने से बसों और निजी वाहनों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। भुुपियामऊ से सोरांव तक फोरलेन तैयार करने के लिए जनवरी 2020 तक समय दिया गया है। मगर एनएच का दावा था कि कुंभ प्रारंभ होने के पहले एक तरफ की सड़कें तैयार हो जाएंगी। भुपियामऊ से रामफल की इनारी तक एक तरफ सीसी सड़क का निर्माण कर दिया गया है, मगर दूसरी तरफ हालात यह हैं कि दो-दो फीट के गड्ढे बने हुए हैं। अगर चालक जरा भी नियंत्रण खोता है, उसे संभलने का मौका नहीं मिलेगा।
विज्ञापन


मऊआइमा ओवरब्रिज का निर्माण अभी प्रारंभ हुआ है, उससे बनने में अभी सालों लगेंगे। इससे वाहनों के आने-जाने के लिए रेलवे क्रासिंग का ही सहारा लेना होगा। उधर, मऊआइमा के बाद अभी टू-लेन भी नहीं तैयार की जा सकी है। जगह गिट्टियां डालकर किसी तरह सड़क तैयार करने का प्रयास किया गया है। ददौली और मऊआइमा में दो बड़े नालों पर अभी पुलिया तैयार नहीं हो सकी है। कई जगहों पर अभी भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है। जिससे सड़क पर कीचड़ हो जा रहा है। ऐसे में यह सड़क हजारों वाहनों का दबाव नहीं झेल पाएगी। श्रद्धालुओं के कुंभ जाते और लौटते समय भीषण जाम लगेगा।  

कुंभ के बाद बनेगी छह किमी सड़क
मऊआइमा से सोरांव के बीच करीब छह किमी सड़क की पैचिंग करके काम चल रहा है। एनएच के अधिकारियों का कहना है कि अब कुंभ के बाद ही इस तरफ सड़क का निर्माण किया जाएगा। अगर इस तरफ खुदाई हुई तो लोगों को और परेशानी उठानी पड़ सकती है।  

मार्च के बाद सोरांव से फाफामऊ फोरलेन पर प्रारंभ होगा काम  
प्रयागराज को जोड़ने वाली सड़क को दो खंडों में फोरलेन में परिवर्तित करने का ठेका दिया गया है। पहले चरण में भुपियामऊ से सोरांव तक करीब 35 किमी सड़क और दूसरे चरण में सोरांव से प्रयागराज की सड़क को फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। दूसरे चरण में ही गंगा पर छह लेन का पुल भी तैयार होना है।  

कुंभ के पहले एक तरफ की सड़क को दुरुस्त करने की तैयारी थी, मगर काम इतना अधिक है कि उसे पूरा कर पाना असंभव है। फिलहाल सोरांव से मऊआइमा के बीच छह किमी सड़क की पैचिंग कर दी गई है। अब कुंभ के बाद ही इधर की सड़कें बनाई जाएंगी।- गौरव सिंह, अधिशासी अभियंता, एनएच, प्रयागराज।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें