मानिकपुर थाना क्षेत्र के ऐंठू गांव में चोरी के बाद परेशान पीड़ित परिवार। संवाद
मानिकपुर, बाघराय व दिलीपपुर में पांच स्थानों पर हुई चोरी की वारदात से खौफ में ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले में चोरों ने मंगलवार की रात जमकर उत्पात मचाया। मकानों के साथ सरकारी कार्यालय व दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर लोगों को खौफजदा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस औपचारिकता निभाकर लौट गई।
ऐंठू ग्रामसभा के पूरे लाल साहब का पुरवा निवासी मीरा देवी मंगलवार की रात अपनी बेटी के साथ आंगन में सो रही थी। मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर करीब तीन हजार रुपये और सवा लाख रुपये के गहने समेट ले गए। इसकी जानकारी मीरादेवी को बुधवार की सुबह लगी। दूसरी घटना रानीमऊ लाला बाजार निवासी फूलचंद्र पटेल के घर हुई। चोर मकान की दीवार में सेंध लगाकर घुसे और गहनों समेत कीमती सामान उठा ले गए। सुबह घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
चोरों ने संग्रामगढ़ के बिजलीपुर बनगड़वा स्थित पंचायत भवन का ताला तोड़कर कंप्यूटर, बैट्री, इनवर्टर समेत सीसीटीवी कैमरे पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात तीन स्थानों पर चोरी की वारदात से ग्रामीण सहमे हैं। मलावां छजईपुर गांव निवासी पारसनाथ यादव के घर में मंगलवार की रात चोर घुसे और आलमारी से 50 हजार रुपये और एक लाख के गहने समेट ले गए। पारसनाथ यादव ने बताया कि भवन का निर्माण चल रहा था। ईंट के लिए रुपये रखे थे। कंधई थाना के ईशनपुर निवासी ननकू राम ने दिलीपपुर थानाक्षेत्र के गनईडीह में इनवर्टर बैट्री सर्विस की दुकान है। मंगलवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर बैट्री व इंवर्टर चुरा ले गए। बुधवार की सुबह दुकान का ताला टूटा देख दुकानदार दंग रह गया। घटनास्थल से पांच सौ मीटर दूरी पर एक खेत के पास 6 इंवर्टर व दो बैट्री मिल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई।
अराजकतत्वों ने फल और पान की गुमटी में लगाई आग
रानीगंज। थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी राकेश मिश्र की कसेरूआ मोड़ पर पान की दुकान है। बगल में ही मिर्जापुर चौहारी के शमशेर की भी फल की दुकान है। मंगलवार की रात अराजकतत्वों ने दोनों दुकानों में आग लगा दिया। आग की लपटें उठती देख गांव के लोग दौड़े और किसी तरह आग पर काबू पाया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। संवाद