पुलिस से बेखौफ बदमाश लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार की रात भी दो दुकान व एक मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवर व रुपये समेटकर भाग निकले। शिकायत पर पुलिस छानबीन कर लौट गई।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के टहलू नगर वाजिदपुर में धनउ का पुरवा निवासी महेंद्र मौर्य ने एमएस ट्रेडर्स के नाम से कपड़ा सिलने की दुकान खोल रखी है। मंगलवार की रात चोर दुकान का ताला तोड़कर घुस गए और 15 सौ रुपये संग कीमती सामान समेट ले गए।
दुकान के बगल जावेद की सैलून की दुकान के शटर का ताला तोड़कर तीन हजार रुपये समेत कीमती सामान पार कर दिया। बुधवार की सुबह महेंद्र दुकान पर पहुंचा तो दंग रह गया।
दूसरी ओर मानिकपुर के दल्हा मुबारकपुर निवासी भग्गू यादव के घर में मंगलवार की देर शाम तीन बदमाश घुस गए। रात में बक्सा व आलमारी से करीब 30 हजार रुपये और सोने चांदी के जेवर समेटकर भागने लगे। आहट पाकर परिवार के लोग जाग गए।
लोगों ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। कुछ दिनों पहले इसी गांव में छिनैती की घटना को भी अंजाम दिया गया था।