नवाबगंज थाना क्षेत्र के कुसुवापुर छाछामऊ स्थित टाइनी शाखा में हुई चोरी का पुलिस व स्पेशल टीम ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय सात बदमाशों को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया है। उनके पास से सवा दो लाख की बैटरी, इन्वर्टर मिले हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुवापुर बाजार निवासी शिवेंद्र कुमार 27 जनवरी की शाम टाइनी शाखा बंद कर घर चला गया। रात में चोरों ने ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैटरी, सीसीटीवी कैमरा व गुल्लक में रखे रुपये चुरा लिए। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन करने लगी।
नवाबगंज पुलिस के साथ ही स्पेशल टीम ने मंगलवार की आधी रात गोलहन का पुरवा अस्थान नहर पटरी के पास से कार सवार लोगों को रोका। तलाशी के दौरान कार से चोरी की 11 बैटरी, छह इन्वर्टर, एक स्टेब्लाइजर मिला। कार सवार पांच चोर भी पकड़े गए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुसुवापुर पुराने स्कूल खंडहर के पास से दो अन्य चोरों को पकड़ा। उनके पास से लोहा काटने के उपकरण मिले हैं। पकड़े गए चोरों ने बताया कि रात में कार चोरी करने वाले स्थानों को देखते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। सोमवार की रात अंसारगंज से इलेक्ट्राॅनिक्स व दीपक स्टेशनरी समेत दो अन्य दुकानों से चोरी की। वाजिदपुर हाईवे के किनारे दूध की डेयरी से दो बैटरी व एक इन्वर्टर चुराया था।
इसके अलावा हथिगवां के सरियावां में चिकित्सक के क्लीनिक, बरई का पुरवा मनगढ़ से दो बैटरी व इन्वर्टर गायब किए थे। चोरों ने प्रयागराज जनपद के लालगोपालगंज में भी वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने पकड़े हथिगवां के बिसहिया निवासी राजमणि सरोज, बिसहिया कबीरपुर पूरे मातादीन निवासी बृजेश कुमार, छोटी अख्तियारी निवासी साहिल उर्फ गोलू सरोज, मोहित सरोज उर्फ भल्ला, सोनू सरोज, कालूराम का पुरवा निवासी आकाश सरोज उर्फ बाबा व कृष्णा पटेल उर्फ ननकू का चालान कर दिया। कोर्ट से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
बृजेश पर सात व मोहित पर चार एफआईआर प्रयागराज, रायबरेली व प्रतापगढ़ में दर्ज हैं। कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों जिले के अलावा रायबरेली, प्रयागराज व कौशाम्बी क्षेत्र की सीमा पर घटनाओं को अंजाम देते थे।