चालक की सूझबूझ से ट्रेन पलटने से बच गई। एक बड़ा रेल हादसा होते होते बच गया। रेलवे लाइन पर साइकिल देख चालक ने ट्रेन रोक दी। सूचना पर पहुंची आरपीएफ पुलिस ने रेलवे लाइन पर साइकिल रखने वाले युवक को पकड़ लिया। मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
बरेली से प्रयागराज संगम जाने वाली प्रयागराज -संगम एक्सप्रेस शनिवार भोर में मानिकपुर रेलवे स्टेशन से जैसे ही कुंडा के लिए बढ़ी तभी चालक डीके शुक्ला मुख्यालय रायबरेली को रेलवे लाइन पर साइकिल पड़ी दिखाई दी। चालक ने ट्रेन रोककर स्टेशन मास्टर कुंडा को सूचना दी।
स्टेशन मास्टर की सूचना पर आरपीएफ निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, मुख्य लोको निरीक्षक रायबरेली मेराज अहमद, वरिष्ठ खंड अभियंता रेलपथ मो. कलीम मौके पर पहुंचे तो देखा कि गढ़ी मानिकपुर व कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन के मध्य रेलवे ट्रैक पर बीचोबीच साइकिल पड़ी थी। जिसे हटाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान करीब पंद्रह मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। पुलिस के मुताबिक साइकिल मानिकपुर थाना क्षेत्र के चकोलिया निवासी फिरोज अहमद की है। चौकी इंचार्ज आरपीएफ प्रदीप कुमार सिंह की तहरीर पर मानिकपुर थाने में रेलवे एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
मानिकपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मानिकपुर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक ऊंचाहार संतोष सिंह का कहना है युवक ने शराब के नशे में रेलवे लाइन पर साइकिल रख दी थी।