शहर के सड़कों की सूरत बिगाड़ रहे अतिक्रमण करने वालों को अधिकारियों के आदेश का कोई भय नहीं है। तभी तो पुराना माल गोदाम रोड की पटरियों के साथ ही सड़क कबाड़ का गोदाम बनी हैं। दिन में चौड़ा चौराहा भी अतिक्रमण के चलते गायब हो जाता है।
इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे से होकर पुराना माल गोदाम रोड जाने वाली सड़क पर अतिक्रमण करने वालों ने पूरी तरह से कब्जा कर रखा है। मोहल्ले के लोग कबाड़ व लकड़ी का धंधा करते हैं। उन लोगों ने इस मार्ग पर पूरी तरह से कब्जा कर रखा है। अभी हाल में ही इंटरलाकिंग और नाली का निर्माण कराया गया है। इस दौरान सड़क से लेकर पटरियों तक हुआ कब्जा हटा लिया गया था लेकिन निर्माण के बाद फिर पटरी से लेकर सड़क तक लोगों ने अपनी दुकानें सजा लीं। अब तो नौबत यह हो गई है कि अतिक्रमण पटरियों से सड़क की ओर लगातार बढ़ रहा है। ऐसी दशा में सड़कों से गुजरना मुश्किल हो जाता है। एक दूसरे की देखा देखी दूसरे दुकानदार भी पटरियों पर कब्जा कर रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। सबसे बुरा हाल पुराना माल गोदाम रोड तिराहे का है। तिराहा दोपहर से ठेला और पटरी दुकानदारों के हवाले हो जाता है। दुकानों पर खरीददारी करने वाले अपनी बाइकें सड़क पर खड़ी कर देते हैं। इससे बड़े वाहन निकलने के दौरान लोगों को परेशानी होती है। कई बार ऐसे लोगों को किनारे करने के लिए कहा गया लेकिन उनके कानों पर जूं नहीं रेगीं।
पुराना माल गोदाम रोड पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना सबके बस की बात नहीं। इस रोड पर कार्रवाई करने से अफसर भी कन्नी काटते हैं। माल गोदाम रोड पर गुजरने के दौरान सड़क के किनारे अवैध रूप से कब्जा करने वाले लोग अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते से भी भिड़ने को तैयार रहते हैं। ऐसे में कई बार तो करीब पहुंचकर नपा प्रशासन पीछे हट चुका है।