फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोक के बाद भी थर्माकोल, पालिथीन का धुआंधार इस्तेमाल

Tue, 17 Jul 2018 12:36 AM IST
प्रतापगढ़ ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
सूबे में पालिथीन और थर्माकोल से बनी थाली, गिलास, प्लेट, कटोरी के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर भले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है, मगर जिले में इसकी बेरोकटोक बिक्री और इस्तेमाल हो रहा है। दुकानदारों में शासन की ओर से जारी की गई चेतावनी और कार्रवाई का डर भी भय नहीं है। दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने पालिथीन पर रोक लगाने के लिए कोई पहल नहीं की है। अफसर दूसरे दिन भी चुप्पी साधकर बैठे रहे।
विज्ञापन

पालिथीन और थर्माकोल से बने उत्पादों की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगने के बाद न तो आम जनमानस पर कोई असर है और न ही जिला प्रशासन ने कोई प्रभावी कदम उठाया है। सोमवार को शहर में आम दिनों की तहत दुकानदार पालिथीन का प्रयोग करते रहे, वहीं थर्माकोल से बने पत्तल, दोना, गिलास से दुकानें सजी रहीं। आश्चर्य की बात तो यह रही कि समाचार पत्रों, इलेक्ट्रानिक चैनलों में खबर चलने के बाद भी लोग न तो जागरूक हुए और न ही दुकानदारों ने इस दिशा में कोई पहल की। आम दिनों की भांति ठेले और दुकानों पर पालिथीन का प्रयोग होता रहा। इतना जरूर था कि दुकानदार आपस में चर्चा करते रहे कि सरकार ने पालिथीन का प्रयोग बंद कर दिया है। अब इसका प्रयोग जो करेगा, उसे जुर्माना भरना पड़ेगा।

सदर तहसील के निकट दुकानों पर खुलेआम थर्माकोल से बने पत्तल, दोना और गिलास का गट्ठर रखा हुआ था। अधिकारी दुकान के बगल से गुजर रहे थे, मगर किसी ने भी टोका तक नहीं। चौक, सदर बाजार, श्रीराम चौराहा, भंगवाचुंगी, राजापाल चौराहा, बाबागंज में लोग घरेलू उपयोग की सामाग्री पालिथीन में लेकर जाते दिखे। अंबेडकर चौराहे पर स्थित फलों की दुकानों पर पालिथीन का प्रयोग धड़ल्ले से होता रहा। फिलहाल मंगलवार को भी संपूर्ण समाधान दिवस होने के कारण अभियान चलने की संभावना नहीं है।
विज्ञापन


साहब, झोला लेकर चलने की आदत डालिए
पालिथीन पर रोक लगने के बाद सब्जी दुकानदार सावधानी बरतना शुरू कर दिए हैं। पुलिस लाइन चौकी के निकट सब्जी की दुकान पर एक साहब सब्जी लेने पहुंचे, तो वह दुकानदार से पालिथीन मांगने लगे, दुकानदार ने रोक लगने की बात कही, तो साहब ने आज का काम चलाने की बात कही। इस पर दुकानदार ने कहा कि साहब हमारी मजबूरी है, आप झोला लेकर चलने की आदत डालिए।

दुकानदारों को बांटा पालीबैग, ग्राहकों को किया जागरूक
एलायंस क्लब इंटरनेशनल ने पालिथीन का प्रयोग बंद करने के लिए शहर में जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही दुकानदारों को पालीबैग वितरित किया। जोनल एडवाइजर रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि पालिथीन सिर्फ जानवरों के लिए ही नहीं, बल्कि मानव जीवन के लिए सबसे बड़ा खतरा है। चौक, अंबेडकर चौराहा, श्रीराम चौराहा, फल मंडी पहुंचकर दुकानदारों को कागज के थैले, और पालीबैग वितरित कर पालिथीन का प्रयोग नहीं करने का आह्वान किया। कवि और साहित्यकार डॉ. दयाराम मौर्य ने पॉलिथीन को जीवन के लिए खतरा बताते हुए पर्यावरण का दुश्मन बताया। उधर, हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह ने भी कार्यकर्ताओं के साथ दस हजार पालीबैग वितरित किया। पीडब्ल्यूडी चौराहा, चौक, पंजाबी मार्केट, सदर बाजार में वह कार्यकर्ताओं के साथ दुकानदारों को पालिथीन का इस्तेमाल बंद करने की अपील करते हुए पालीबैग वितरित करते रहे।

अफसरों की व्यस्तता के चलते पालिथीन और थर्माकोल से बने उत्पादों पर रोक लगाने का अभियान प्रारंभ नहीं हो पाया है। मंगलवार को भी संपूर्ण समाधान दिवस होने के कारण व्यस्तता रहेगी, बुधवार को अभियान चलाकर पालिथीन और थर्माकोल की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

शिवपूजन, सीआरओ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें