सीएचसी के चिकित्सक के ओपीडी में निजी पैथोलॉजी संचालक के कर्मी द्वारा ब्लड सैंपल लेने व जांच के नाम पर ढाई हजार रुपये मांगने के आरोपों की जांच करने के लिए बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। सीएचसी पहुंचे डिप्टी सीएमओ समेत दो सदस्यीय टीम ने चिकित्सक समेत कई लोगों के बयान लिए। दो घंटे की लंबी जांच के बाद टीम लौट गई।
इलाके के उपाध्यायपुर निवासी अजीत कुमार मिश्र ने शिकायत थी कि ब्लड सैंपल निकालने के बाद उनसे जांच के लिए ढाई हजार सौ रुपये की मांग की गई। बृहस्पतिवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि सहाय, डॉ. श्याम भार्गव की टीम पट्टी सीएचसी पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टरों ने डॉ. अखिलेश जायसवाल के साथ ही अधीक्षक डॉ. आरपी भारती का बयान बंद कमरे में दर्ज किए। बाद में शिकायतकर्ता अजीत कुमार मिश्रा के साथ ब्लड सैंपल लेने वाले पैथोलॉजी संचालक का भी बयान दर्ज किया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जांच आई थी। पीड़ित पक्ष और आरोपी पक्ष के बयान दर्ज किए गए हैं।