धूप देखकर अफसरों ने खींचे कदम, बच्चों ने संभाला मोर्चा
सरकारी स्कूलों में संख्या बढ़ाने के लिए शहर में निकली स्कूल चलो अभियान रैली
जिलाधिकारी ने 11 नई एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले के प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए सोमवार को शहर के पुलिस लाइन से स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गई। अफसरों के भाषणबाजी के चलते दोपहर के बारह बज गए। चिलचिलाती धूप और उमस के चलते लोग पसीने से तर-बतर थे। अफसरों ने रैली को हरी झंडी तो दिखा दी, मगर धूप देखकर वह एक कदम भी आगे नहीं बढ़े। हालांकि बच्चों ने मोर्चा संभाला और बैंडबाजे के साथ रैली निकालकर अभिभावकों से अपने बच्चों का नाम सरकारी स्कूल में लिखाने की अपील की।
सोमवार को स्कूल खुलने के पहले ही दिन स्कूल चलो अभियान रैली का आयोजन कर अफसरों ने अभिभावकों को अपने बच्चों का नाम सरकारी स्कूलों में लिखाने का आह्वान किया। बेसिक शिक्षा विभाग ने यह रैली ऐसे समय में निकाली है, जब कान्वेंट स्कूलों में दाखिला हो चुका है। आश्चर्य की बात तो यह है एक अप्रैल से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ हुआ है, और एक जुलाई को अभिभावकों को प्रेरित करने के लिए रैली निकाली जा रही है। सोमवार को पुलिस लाइन से रैली निकालने के पहले डीएम मार्कण्डेय शाही का बेसिक शिक्षा परिषद और स्वास्थ्य विभाग ने गर्मजोशी से स्वागत किया। डीएम ने शिक्षकों से कहा कि वह स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए अभिभावकों से अवश्य संपर्क करें। आसपास के गांवों में जाकर अधिकाधिक संख्या में बच्चों का नाम अंकित करें। उन्होंने संचारी रोग पखवारे का शुभारंभ करते हुए कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को लक्षण, बचाव के टिप्स दिए जाएं। इसके पहले सीएमओ डॉ. अरविंद श्रीवास्तव और बीएसए अशोक कुमार सिंह ने अपने-अपने विभाग की जानकारियों को साझा किया। डीएम ने बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाने के बाद संचारी रोग अभियान पखवारा के लिए टीम को हरी झंडी दिखाई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की नई 11 एंबुलेंस को भी हरी दिखाई। इस मौके पर सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह, सीबीओ डॉ.वीपी सिंह, रामकुमार सिंह, सुदीप पांडेय, इंद्रसेन सिंह, अनुज श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, अंजनी श्रीवास्तव, विजय कुमार शुक्ल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इनसेट----------------
खत्म हो गया पानी, प्यासे रह गए बच्चे
पुलिस लाइन में सोमवार को आयोजित स्कूल चलो अभियान रैली के लिए बच्चों को सुबह नौ बजे बुलाया गया था। अफसरों के देर से आने और देरतक भाषणबाजी होने से बारह बजे रैली निकली। इससे बच्चे और शिक्षक प्यास से तड़प उठे। पानी के लिए एक काउंटर बनाया गया था, मगर पानी खत्म होने के बाद लोग इंतजार ही करते रह गए। बच्चों को प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
इनसेट-------------------
स्वाती सिंह का इंतजार करते रह गए बच्चे
स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग अभियान पखवारे के लिए निकलने वाली रैली को जिले की प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह हरी झंडी दिखाने वाली थीं, मगर उनका कार्यक्रम निरस्त होने से आयोजकों और बच्चों को निराश होना पड़ा।
पुलिस लाइन से बच्चों द्वारा निकली स्कूल चलो अभियान जागरूकता रैली।- फोटो : PRATAPGARH