क्रॉसर- मदद के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख भाग निकले ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
संडवाचंद्रिका। युवती के साथ कमरे में मिले सिपाही की लोगों ने जमकर पिटाई की। सूचना पर मदद के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को देख सिपाही की पिटाई करने वाले आरोपी ग्रामीण भाग निकले। हालांकि स्थानीय पुलिस मामले को रफा-दफा करने में लगी है।
अंतू थाने में तैनात दो सिपाही बाबूगंज बाजार स्थित मकान में किराए पर रहते हैं। बुधवार दोपहर उनके कमरे में बाजार के करीब स्थित एक गांव की युवती पहुंची। काफी देर बाद भी युवती बाहर नहीं निकली तो शंका होने पर बाजार के युवक एकत्र हुए। वे मकान के पीछे से छत के सहारे आंगन तक पहुंच गए।
लोगों को आता देख एक सिपाही गेट खोलकर भाग निकला। जबकि, दूसरा सिपाही युवती के साथ स्नानघर में छिप गया। लोगों ने जबरन दरवाजा खुलवाया। युवती संग सिपाही की हालत देख लोग आक्रोशित हो गए। फिर लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और युवती को घर भेज दिया।
सूचना पर मौके पर थाने से अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे तो आरोपी सिपाही की पिटाई करने वाले युवक भाग निकले। घटना की बाबत अंतू पुलिस कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस मामले को रफा-दफा करने के लिए प्रयासरत है। लेकिन, सिपाही की इस हरकत से लोगों में गुस्सा है। लोग मकान मालिक पर सिपाहियों को निकालने का दबाव बना रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष अंतू अवन कुमार दीक्षित का कहना है कि किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
........
जमीन के विवाद में मारपीट, मुकदमा
संडवाचंद्रिका। अंतू थाने के कपासी निवासी लल्लू कनौजिया का अपने पड़ोसी शेष बहादुर से जमीन का विवाद चल रहा है। 13 मई को विवादित जमीन से लकड़ी हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में लल्लू और उसकी पत्नी कंचन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका प्रयागराज में इलाज चल रहा था। कंचन की तहरीर पर पुलिस ने शेष बहादुर, मीरा, सुधा, आंचल व प्रिया के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद
........
दुर्घटना में घायल युवक की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
संडवाचंद्रिका। स्थानीय थाना क्षेत्र के आममऊ ककरहा निवासी सुशील कुमार तेजगढ़ स्थित ईंट भट्ठे पर काम करता था। 6 मई को वह अपनी बाइक से भट्ठे से काम कर वापस घर आ रहा था। भदौसी गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान 8 मई को उसकी मौत हो गई। मंगलवार को मृतक के भाई सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। संवाद
.............
पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
लीलापुर। थाना क्षेत्र के गहरी की रहने वाली रेहाना बानो ने अपने पति वसीम अहमद, सास मुनीरा, ननद परवीन, रेहाना, ननद के लड़के सुफियान के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि ससुराल के लोग उसे आए दिन प्रताड़ित करते हैं। पति ने उसे तीन तलाक देकर चोरी से दूसरी शादी भी कर ली है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद