कुंडा के मऊदारा और करेंटी में तैनात रहे ग्राम विकास अधिकारी नरेश कुमार यादव ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर फाइल गायब करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विकास क्षेत्र के करेंटी गांव की प्रधान जेल में बंद सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव की पत्नी पिंकी यादव हैं। जबकि उनकी मां शशिप्रभा मऊदारा गांव की प्रधान हैं। इनका काम गांव के ही अजीत यादव देखते हैं।
इन दोनों गांवों में तैनात रहे ग्राम विकास अधिकारी नरेश कुमार यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका स्थानांतरण विकास खंड सांगीपुर हो जाने पर किसी को चार्ज न देने के कारण सारे अभिलेख उसकी अभिरक्षा में है।
नौ जुलाई को करेंटी प्रधान प्रतिनिधि अजीत कुमार ने उससे फोन पर वार्ता करके कुछ फाइल पंचायत भवन से उठा ले गए। कई बार मांगने पर फाइल वापस नहीं की गई। उसे डर है कि फाइल से छेड़छाड़ करके गड़बड़ी न कर दिया जाए। ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने प्रतिनिधि अजीत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर दीप नारायण का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। संवाद