जिले में 13 की जगह महज चार मार्गों पर ही जनता बस सेवा का संचालन शुरू हो सका। ग्रामीणों को कम किराये में सुरक्षित सफर का परिवहन निगम का वादा अधूरा रह गया। बस का संचालन न होने से पट्टी, कोहड़ौर, संडवाचंद्रिका, कटरागुलाब सिंह, मानधाता, मदाफरपुर बाजार के यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा।
शासन ने जिले के 13 ग्रामीण मार्गों पर जनता बस सेवा शुरू करने का आदेश दिया है। लेकिन, अब तक सिर्फ चार मार्गों से ही बस का संचालन हो सका। परिवहन निगम के पूर्व एआरएम ए. आलम ने जनता बस संचालन के लिए कोहड़ौर, अंतू, पट्टी, सैफाबाद, मदाफरपुर, दिलीपपुर, बीरापुर, कटरामेदनीगंज, मानधाता, कटरागुलाब सिंह, मुंगरा बादशाहपुर, सांगीपुर और कुंडा मार्ग को चिह्नित किया था। इनमें से मुंगरा बादशाहपुर, कुंडा और सांगीपुर से चार बसों का संचालन ही हो रहा है। अन्य पर मार्गों पर यात्री निजी बस और डग्गामार के सहारे सफर करने को मजबूर हैं।
बोले ग्रामीण
पट्टी से प्रतापगढ़ और चांदा मार्ग पर एक भी जनता बस सेवा का संचालन नहीं हो रहा है। जिससे यात्रियों को अधिक किराया देकर अन्य निजी वाहनों से सफर करना पड़ता है। -सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, कुंदनपुर पट्टी।
-
अंतू, गड़वारा और विहारगंज मार्ग पर एक भी जनता बस सेवा का संचालन नहीं हो रहा है। नियमित संचालित बसों पर 20 प्रतिशत छूट का लाभ नहीं मिल रहा है। - राम अकबाल सिंह, बझान
-
कोहड़ौर से जिला मुख्यालय के लिए जनता बस सेवा की सुविधा नहीं है। मजबूरन डग्गामार वाहनों से सफर तय करना पड़ता है।
- एके वर्मा, कोहड़ौर
......
वर्जन
जिस मार्ग को चिह्नित किया गया है उस पर मार्च से जनता बस सेवा का संचालन शुरू होगा। इसके लिए बसें भी चिह्नित हो गई हैं। जिनका संचालन करते हुए 20 प्रतिशत कम किराया लिया जाएगा। - रवींद्र सिंह, आरएम।