सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक के लिए शिवमंदिरों में भक्तों की लंबी कतार लगी। बेलपत्र, धतूरा, मदार, भांग, पुष्प, धूप, दीपक के साथ हाथों में जल लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने पूजन करने के साथ भगवान भोलेशंकर का जलाभिषेक किया। सुबह चार बजे ही शिवालयों के पट खुल गए। हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
सावन के पहले सोमवार को शिवधामों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों में न तो कोरोना का डर देखने को मिला और न ही आस्था में कोई कमी। शहर और ग्रामीण इलाकों के शिवधामों में जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। बेलखरनाथधाम में सावन के पहले सोमवार को सुबह चार बजे से ही दर्शन-पूजन करने के लिए कतार लगी रही।
पति की लंबी उम्र के लिए सोमवार को व्रत रखने वाली महिलाओं ने विधि-विधान से भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की। बेलपत्र, धतूरा, शमी, सफेद फूल, भांग, फल चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने का प्रयास किया। बड़ी संख्या में उमड़ने वाली भीड़ में न तो सामाजिक दूरी का पालन हो सका और न ही कोई मॉस्क लगाकर पहुंचा।
भीड़ देखकर ऐसा लग रहा था कि किसी को कोरोना की कोई चिंता नहीं है। मेला की व्यवस्था को दुरुस्त करने में एसडीएम पट्टी डीपी सिंह, सीओ पट्टी, मेला समिति के रमानाथ सिंह, नरेंद्र ओझा, मदन सिंह, लाल बिहारी, अजीत ओझा, विक्रम सिंह ,अरुण प्रताप सिंह, बांके सिंह का सहयोग प्रमुख रहा। इसी तरह भयहरणनाथधाम, घुइसरनाथधाम और हौदेश्वरनाथधाम में भी जलाभिषेक के लिए भक्तों का रेला उमड़ा रहा।
सुरक्षा के लिए तैनात रही भारी-भरकम फोर्स
बेलखरनाथधाम में सुरक्षा के मद्देनजर भारी भरकम फोर्स तैनात रही। जलाभिषेक करने के लिए आने वाले भक्तों को लाइन में खड़े कराने के लिए पुलिस को पसीना बहाना पड़ा। अफसरों ने मेला परिसर में दुकानें नहीं लगाने की हिदायत दी थी, मगर मेला परिसर में अधिकांश दुकानें सजीं और लोग खरीदारी करते रहे।
थर्मल स्क्रीनिंग देखकर किनारा काट रहे थे लोग
बेलखरनाथधाम में आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी, मगर मेले में आने वाले थर्मल स्क्रीनिंग देख रास्ता बदल दे रहे थे। हालांकि पुलिसकर्मी इसके लिए दबाव भी नहीं बना रहे थे।
संगम से गंगाजल लाकर भोलेनाथ को किया अर्पण
कांवड़ यात्रा पर रोक लगने से क्षेत्र के अधिकांश शिवभक्त बाइक से प्रयागराज स्थित संगम से गंगाजल लेकर बेलखरनाथधाम पहुंचे और भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। सुबह चार बजे से दोपहर एक बजे तक जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा।
हौदेवरनाथधाम में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
सावन के पहले सोमवार को हौदेश्वरनाथधाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह चार बजे से ही भक्त पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हुए हर-हर बम-बम का जयघोष किया। वाहनों को रोकने के लिए एक किमी पहले ही बैरियर लगा दिया गया था। गाड़ियों को मंदिर स्थल तक नहीं जाने दिया जा रहा था। भोर में ही हथिगवां एसओ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नौका बचाव दल से रामनरेश निषाद को टीम के साथ गंगा घाट पर लगाया गया। उधर, सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सीओ अर्जुन सिंह भी पहुंचे। मंदिर कार्यालय पर जुगुनू विश्वकर्मा माइक से लोगों को सही तरीके से स्नान और पूजन के बारे में बताते रहे।
सावन माह के पहले सोमवार को घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक को उमड़ी भीड़।- फोटो : PRATAPGARH
कुंडा के हौदेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक करती श्रद्धालु। संवाद- फोटो : PRATAPGARH