जिले के हजारों युवाओं और23 निजी बीटीसी कॉलेजों के लिए खुशखबरी है कि जनवरी 2015 में बीटीसी का नया बैच प्रारंभ होने वाला है। बीएलएड के पेंच में फंसा बीटीसी 2014 चयन के लिए शासन ने हरी झंडी दे दी है। हालांकि चयन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इधर दिसंबर माह में रिक्त पड़ी सीटों पर अभ्यर्थी एलाट हो जाएंगे।
बीटीसी 2014 के नए बैच को लेकर चल रहा संशय दूर गया है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा, तो जनवरी 2015 में बीटीसी 2014 का नया बैच प्रारंभ हो जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीटीई) ने इंटरमीडिएट की योग्यता रखने वाले प्रशिक्षणार्थियों के लिए बैचलर आफ ऐलीमेंट्री एजूकेशन (बीएलएड्) का प्रस्ताव रखा था। मगर शासन से अभी मंजूरी नहीं मिलने के कारण वर्ष 2014 बीटीसी बैच प्रारंभ करने का फैसला लिया गया है। अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो दिसंबर माह में 23 निजी बीटीसी कॉलेजों की खाली पड़ी सीटों को भरने के बाद ही नए बैच के लिए कवायद प्रारंभ कर दी जाएगी। हालांकि चयन प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बीटीसी प्रशिक्षण की राह देखने वाले हजारों युवक और युवतियों को बीएलएड् के नए कोर्स ने डरा रखा था। उनके अंदर हताशा की भावना थी कि अब बीटीसी में उनका चयन नहीं होगा। विभागीय जानकार भी यह मानकर चल रहे थे, कि अब बीटीसी का सत्र नहीं चलेगा। बीएलएड का सत्र चलने में भी लगभग दो वर्ष का समय लग जाएगा। बीटीसी 2014 के चयन की तैयारी के लिए डायट को पत्र भेजा गया है। प्रभारी डायट प्राचार्य सुनीलदत्त ने बताया कि रिक्त सीटों को दिसंबर माह में भरने के साथ ही शासन ने बीटीसी 2014 के चयन की तैयारी करने का निर्देश दिया है।