जेठवारा के कुटिलिया के रहने वाले ट्रक मालिक इरफान से लूट के बाद बदमाशों ने बेहोशी की हालत में दिलीपपुर के रसोइयां में फेंक दिया और भाग निकले। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक मालिक को मेडिकल कॉलेज भेजा। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
जेठवारा के कुटिलिया डेरवा निवासी इरफान (32) ट्रक मालिक हैं। वह मंगलवार को हैदराबाद जाने के लिए ट्रक लेकर घर से निकले। बुधवार रात उनका मोबाइल बंद बताने लगा। बृहस्पतिवार की सुबह वह रसोइयां में सुनसान स्थान पर झाड़ियों में बेहोशी की हालत में मिले। शौच के लिए निकले ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद उनकी पहचान की। परिवार के लोगों को घटना की जानकारी देते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। कुछ देर बाद परिजन भी पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि इरफान का मोबाइल बुधवार रात नौ बजे से बंद था। उनका पर्स, आधार कार्ड व मोबाइल गायब हैं। चिकित्सकों ने आशंका जताई कि इरफान को नशीला पदार्थ खिलाया गया है। हालत में सुधार होता न देख उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष दिलीपपुर विवेक कुमार मिश्र ने बताया की बेहोश मिले ट्रक मालिक इरफान को अभी होश नहीं आया है। उनके होश में आने के बाद ही लूटपाट व ट्रक के बारे में पता चल सकेगा।
बुलेट से फेंकने की रही चर्चा, ट्रक का नहीं लगा सुराग
रसोइयां में मिले ट्रक मालिक इरफान को बृहस्पतिवार की सुबह देख ग्रामीण चर्चा करते रहे कि रात में बुलेट से कुछ लोग आए थे। हो सकता है वही लोग उन्हें फेंककर भाग निकले हो। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही। ट्रक का भी पता नहीं चला।