रानीगंज कैथौला में लूट की घटना के बाद पीड़ित व्यापारी से पूछताछ करते एसपी एलआर कुमार।
- फोटो : PRATAPGARH
कोतवाली के रानीगंज कैथौला बाजार के बसंतगंज रोड पर आशीष केसरवानी की तेल व खली की दुकान है। बुधवार दोपहर दो बजे दो बाइक से पांच नकाबपोश बदमाश पहुंचे और तमंचे के बल पर व्यापारी से एक लाख रुपये समेत सोने की चेन व अंगूठी लूट ली। व्यापारी ने शोर मचाया तो बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी पर पुलिस जांच के लिए घटना स्थल पर पहुंची।
यहां पूछताछ के दौरान व्यापारी व उसके पिता के विरोधाभासी बयान से घटना पर संशय उत्पन्न हो गया। लूट की रकम को लेकर व्यापारी व उसके पिता के बयान से ऊहापोह की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी पर प्रभारी पुलिस अधीक्षक एलआर कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी एसपी के साथ मौजूद जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज में घटना की हकीकत खंगाली और पीड़ित व्यापारी से पूछताछ की।
लूट की घटना को लेकर बाजार में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने रोहित मिश्रा बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लूट को लेकर पिता व पुत्र के बयान में मेल नहीं खा रहा है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद